
भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
राज्य की कांग्रेस सरकार के कुशासन, जंगलराज, भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजाते हुए भाजपा जिला भीलवाड़ा द्वारा शुक्रवार को जनाक्रोश यात्रा के सात रथो का पूर्व मंत्री एवं अजमेर विधायक वासुदेव देवनानी के मुख्य आतिथ्य तथा जिला अध्यक्ष भाजपा लादूलाल तेली के नेतृत्व में सूचना केंद्र चैराहे पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सातों विधानसभा में जन आक्रोश यात्रा के लिए सूचना केंद्र चैराहे से दो सांकेतिक रथो को रवाना किया गया।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए पूर्वमंत्री देवनानी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नाम बदलो, योजना चलाओ और गांधी परिवार के प्रति वफादारी करो यही राजस्थान में कांग्रेस की सेवा है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए देवनानी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 26000 करोड रुपए राजस्थान सरकार को भेजे। लेकिन यहां ₹4000 करोड़ भी खर्च नहीं कर पाए। राजस्थान सरकार के कार्यकाल में अपराधिक मामले 8.50 लाख मुकदमे दर्ज हुए है। जिसमें छह हजार पांच सो से ज्यादा हत्याए हुई है। अपराधियों के साथ मिली जुली सरकार चल रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष तेली ने कहा कि पहली बार आयोजित होने जा रही जनाक्रोश यात्रा के माध्यम से आम जनता के बीच जाकर संवाद के माध्यम से कार्यकर्ता जनता से सीधा संवाद साधेगे। रथ में लगी शिकायत पेटीका से आई आम जनता की समस्याओं को प्रदेश अध्यक्ष को भेजी जाएगी उन्होंने कहा कि इन सभी शिकायतों के पुलिन्दे को जयपुर में राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा जनता के जनाक्रोश को अवगत कराया जाएगा।

भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिले की सभी 7 विधानसभा क्षेत्रों में जन आक्रोश यात्रा का विशाल आयोजन समारोह में सांसद भीलवाड़ा सुभाष बहेड़िया, रतन लाल गाडरी भाजपा संगठन प्रभारी, बरजी देवी भील जिला प्रमुख, शंकर लाल गुर्जर उप जिला प्रमुख, राकेश पाठक नगर परिषद सभापति, राम नाथ योगी उपसभापति, राजकुमार आचलिया, रघु शर्मा जनाक्रोश यात्रा भीलवाड़ा जिला प्रभारी, कलमेन्द्र सिंह मांडलगढ़ विधानसभा प्रभारी, करण सिह बेलवा कोटडी प्रधान मंचासीन थे। इस मौके पर देवीलाल साहू आसींद विधानसभा प्रभारी, श्रवण सिंह राव सहाड़ा विधानसभा प्रभारी ,रूप लाल जाट, राम चंद्र सेन पूर्व उप जिला प्रमुख, शिवांगी कानावत, जनाक्रोश यात्रा कार्यक्रम के जिला संयोजक बाबूलाल टाक, जिला सह संयोजक मनफूल चैधरी, जिला कार्यक्रम संयोजक प्रह्लाद त्रिपाठी उपस्थित थे।
जिले में 4 से 20 दिसंबर तक जनाक्रोश यात्रा होगी-
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि 4 दिसंबर को जन आक्रोश यात्रा रथ का विधानसभा स्तर पर लांच कार्यक्रम विधानसभा मुख्यालय पर आयोजित होगा। 4 से 14 दिसंबर तक सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में जन आक्रोश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विधानसभा वार रूट चार्ट अलग-अलग रहेगा। 15 से 20 दिसंबर प्रत्येक विधानसभा में विशाल आम सभा का आयोजन होगा। जनाक्रोश रथ यात्रा के माध्यम से आमजन कि शिकायतों समस्याओं को रथ पर लगी पेटीका द्वारा संग्रहित कर जयपुर पहुंचाने का काम करेंगे।
सभी सात विधानसभा के लिए यह रथ विधानसभा समितियों के संयोजक व सह संयोजक जनप्रतिनिधियों के निर्देशन में रवाना किए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र की समितियां ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा के मंडल अध्यक्षों के साथ मिलकर 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक इन रथो के संचालन में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएंगे।