प्रदेश में कांग्रेस को उखाड़ कर डबल इंजन की सरकार लानी है-मेघवाल

0
460


भीलवाड़ा-मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ विधानसभा मुख्यालय पर रविवार को भाजपा जनाक्रोश रैली के समापन मौके पर आम सभा का आयोजन किया गया। आम सभा में मुख्यवक्ता के रूप में केन्द्रिय संस्कृति मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने संबोधित किया। मंच पर सांसद सुभाष बहेड़िया, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष लादूलाल तेली, पूर्व विधायक बद्री प्रसाद गुरूजी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भगवानसिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजकुमार आंचलिया सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि व भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।


केन्द्रिय संस्कृति मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि जनता 2024 में केंद्र में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने को आतुर बैठी है। उससे पहले 2023 में राजस्थान में कांग्रेस सरकार को उखाड़कर भाजपा की सरकार को लाना है। डबल इंजन की सरकार होगी तो राजस्थान का विकास सुचारू हो सकेगा। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस नेता केवल सीएम की कुर्सी के लिए ही चार साल से लड़ते चले आ रहे है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने से लेकर आज तक केवल कुर्सी के लिए लड़ाई चल रही है। कांग्रेस के विधायक मिनी सीएम बन रहे है। इससे प्रदेश में कानून व्यवस्था चैपट हो रही है। महिला अत्याचार के मामलों में देश में राजस्थान अव्वल हो गया है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस हाइकमान अशोक गहलोत व सचिन पायलेट के मन मिलने की बात कह रहा है पर दोनो के हाथ तो मिलवा कर दिखाओ। उन्होंने कांग्रेस पर कई कटाक्ष किये। सभा को सांसद सुभाष बहेड़िया, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष लादूलाल तेली ने भी संबोधित किया।