शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
कांग्रेस पार्टी के ऑब्जर्वर और फरीदाबाद एमएलए पं. नीरज शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस निष्ठ कार्यकर्ता ही पार्टी को अगले विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने का कार्य करेगें। अगला चुनाव राजस्थान में कांग्रेस दोबारा जीत कर एक बार फिर से सत्तारूढ़ होगी। कार्यकर्ता अशोक गहलोत सरकार की योजनाओं को घर घर पहुंचाकर कांग्रेस के प्रति माहौल बनाये रखे। कोई भी कार्यकर्ता व्यक्तिनिष्ठ रहना चाहता है तो उसका पार्टी की जाजम पर बैठने का औचित्य ही नहीं है।
शुक्रवार को देर सांय कांग्रेस पार्टी के ऑब्जर्वर और फरीदाबाद एमएलए पं. नीरज शर्मा डाक बंगले पहुंचे। यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी व पीसीसी सचिव ललित बोरवाल भी मौजूद थे। ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप गुर्जर, बनेड़ा ब्लाॅक अध्यक्ष गोपाल बांगड़, सीसीबी के पूर्व चेयरमेन भंवरूखां कायमखानी, पार्षद हमीद खां कायमखानी, अविनाश शर्मा ने सभी नेताओं का स्वागत किया।
भीलवाड़ा संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के ऑब्जर्वर और फरीदाबाद एमएलए पं. नीरज शर्मा ने कहा कि जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ही चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन करेगा। वो तो केवल यहां से फीडबैक लेकर जायेगें व पार्टी को सौंपेगें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अशोक गहलोत सरकार के प्रति कोई नारागजगी नहीं है। शाहपुरा को जिला बनाने के साथ उनके द्वारा यहां कई विकास कार्य कराये गये है। पार्टी कार्यकर्ता इसे बनाये रखें।
इस दौरान शाहपुरा सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से 2023 के विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी रखने के लिए कांग्रेस के करीब दो दर्जन प्रत्याशी अपने अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। ऑब्जर्वर शर्मा का स्वागत करने के साथ उनको प्रत्याशी बनने के लिए न केवल अपना आवेदन दिया वरन अपनी जीत के समर्थन में दावा भी पेश किया।