हर्बल पौधों व आयुर्वेद से संबंधित पौधों से रूबरू हुए विद्यार्थी, पौधों की भूमि, मिट्टी व पानी की दी जानकारी
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) श्री महेश पब्लिक स्कूल, प्राइमरी विंग के विद्यार्थिर्यों को पौधशाला का शैक्षिक भ्रमण करवाया गया। जिसमें स्कूल शिक्षिकाओं के साथ कक्षा 4 व 5 के विद्यार्थी शामिल हुए। वहां छात्रों ने उत्साहपूर्वक बहुत से पौधों का अवलोकन किया। शिक्षिकाओं ने छात्रों को फूल वाले पौधों, बिना फूल वाले पौधों, हर्बल पौधों व आयुर्वेद से संबंधित पौधों से रूबरू करवाया। पौधों के विभिन्न भागों व उनमें प्रकाश संश्लेषण की क्रिया किस प्रकार होती है इसके बारे में छात्रों को जानकारी दी तथा उनका हमारे दैनिक जीवन में क्या उपयोग है व किस प्रकार ये पौधे पर्यावरण संतुलन में योगदान देते हैं इसके लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाकर उनकी रक्षा करना चाहिए इस बारे में भी बताया गया। पौधशाला के लिए भूमि, मिट्टी व पानी की उपलब्धता के बारे में भी छात्रों ने जानकारी हासिल की। श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नाराणीवाल ने इस शैक्षणिक भ्रमण को छात्रों के लिए बहुत उपयोगी माना और कहा कि इस प्रकार कि गतिविधियों से छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। सचिव राजेन्द्र कुमार कचौलिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधि का उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण तथ्यों से अवगत कराना व पर्यावरण सरंक्षण महत्व बताना भी है। कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती ने कहा कि यह छात्रों के ज्ञान के लिए बहुत उत्कृष्ट है इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों के लिए होती रहनी चाहिए। निदेशक व विद्यालय प्रभारी दिनेश शारदा इस शैक्षणिक भ्रमण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गतिविधि बच्चों को शिक्षा के अतिरिक्त अन्य पर्यावरणीय महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान करती है ।विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि झा भार्गव ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण करवाए जाते हैं जिसके द्वारा छात्र शिक्षा के साथ साथ व्यवहारिक ज्ञान को भी प्राप्त करते है। पौधशाला भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण तथ्यों से अवगत कराना है। छात्रों से पेड़ पौधों से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए जिसका छात्रों में बड़े ही उत्साह से उत्तर दिया। इसके साथ ही छात्रों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने व वनों की सुरक्षा का भी संकल्प लिया। पौधशाला में छात्रों को पौधों के बारे में जानकारी हासिल करवाने व सहयोग के लिए विद्यालय की ओर से पौधशाला संरक्षक का आभार व्यक्त किया गया।