बिजौलिया। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कथित अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों के आरोपों के बीच ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पूर्व वार्ड पार्षद असलम हुसैन खोखर ने आरोप लगाया कि नगर पालिका बनने के बाद से विवाद बढ़े हैं और अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल की नियुक्ति के बाद हालात और बिगड़े हैं। आमजन को नियम-कानून का डर दिखाकर परेशान करने और आवाज दबाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में अधूरे विकास कार्य, वार्ड सभाओं में कम भागीदारी और सवाल उठाने पर माइक बंद करने जैसी बातों का उल्लेख किया गया है। साथ ही सड़क निर्माण में गड़बड़ी, विजय सिंह पथिक पार्क में पेड़ों की कटाई, पट्टा प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और सूचना के अधिकार के तहत जानकारी नहीं देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान असलम हुसैन खोखर, महावीर मेघवाल, सुनील स्वर्णकार और एडवोकेट हितेश धाभाई सहित कई लोग मौजूद रहे।
