बिजोलिया। क्षेत्र के लक्ष्मी खेड़ा गांव में रविवार सुबह खेत पर पानी की मोटर चालू करते समय करंट लगने से 29 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी खेड़ा निवासी ओमप्रकाश धाकड़ पुत्र शोभालाल धाकड़ रविवार सुबह करीब 7 बजे खेत पर सिंचाई के लिए पानी की मोटर चालू करने गया था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल उसे बिजोलिया स्थित उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
