बिजौलिया ।
जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 साल से फरार स्थाई वारंटी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में दो सहयोगियों को पकड़ा गया तथा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
25 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार
डकैती के एक पुराने प्रकरण में वांछित स्थाई वारंटी नानिया भील (51) निवासी बिजलपुर, थाना कल्याणपुरा, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) को पुलिस टीम ने पकड़ लिया। आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था। पुलिस ने झाबुआ में आसूचना जुटाकर उसे गिरफ्तार किया।
आर्म्स एक्ट का आरोपी भी पकड़ा
आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे कन्हैयालाल भील (30) निवासी कास्या, थाना बिजौलिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पॉक्सो केस में दो सहयोगी गिरफ्तार
नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुख्य आरोपी के दो सहयोगियों सुनील (निवासी गणेशघाटी) और महेन्द्र (निवासी भीलपुरिया) को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया, सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
