मेसर्स श्री राम आइसक्रीम व भरका आइसक्रीम सहित कुल्फी और आइसक्रीम विक्रेताओं पर छापे

0
48



गंदगी व एक्सपायरी सामग्री मिली ,नोटिस और मौके पर की कार्रवाई

अमन ठठेरा

भीलवाड़ा । जिला कलेक्टर के निर्देशन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच अभियान लगातार जारी है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए मावा कुल्फी, आइसक्रीम, कुल्फी पाउडर एवं स्ट्रॉबेरी जैसे उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए नमूने एकत्र किए हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि  मेसर्स आइसक्रीम एण्ड कुल्फी से मावा कुल्फी व कुल्फी के दो नमूने लिए गए। इसके अलावा श्रीनाथ आइसक्रीम, गंगापुर से आइसक्रीम तथा मेसर्स महालक्ष्मी सांचा एजेंसी, गंगापुर से कुल्फी पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया। इसी प्रकार श्रीराम आइसक्रीम, भीलवाड़ा से आइसक्रीम व कुल्फी के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान गोदाम में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाई गई, जिस पर खाद्य विक्रेता को सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया। साथ ही मौके पर 500 एमएल की 28 बोतलों में एक्सपायरी फ्लेवर मिलने पर उसे तत्काल नष्ट करवाया गया।  मेसर्स एमडीसी इंटरप्राइजेज, हालेड रोड से भी आइसक्रीम (क्वालिटी वाल्स) का नमूना लिया गया।
मेसर्स मां भरका देवी आइसक्रीम से स्ट्रॉबेरी फ्लेवर आइसक्रीम के सैंपल संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता की विस्तृत जांच की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में प्रशिक्षु अधिकारियों सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

मिलावट‌ बर्दाश्त नहीं- डॉ. शर्मा

सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।