Spread the love


तीन कमरों में खंगाला सामान, करीब ₹5 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर ले जाने का आरोप; पीड़ित ने बिजोलिया थाने में दी रिपोर्ट

बिजोलिया। (नरेश धाकड़)

बिजोलिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में शनिवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित मोहनलाल धाकड़ ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात बदमाश मकान की पिछली दीवार फांदकर अंदर घुसे और कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी।


रिपोर्ट के अनुसार बदमाशों ने पास के तीन कमरों में छानबीन की और एक कमरे में रखी लोहे की दिवान को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 5 लाख रुपए नकद चुरा लिए।


पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में एक चांदी की कंगरती, 4 जोड़ी पायजेब और 2 जोड़ी चांदी के कड़े, जिनका कुल वजन करीब 1 किलो बताया गया है। वहीं सोने के जेवरात में 2 सोने के गले के हार करीब 4 तोला, 1 सोने का भुजबंद करीब ढाई तोला, 2 सोने की चैन करीब 3 तोला तथा 2 सोने की अंगूठियां करीब 1 तोला बताई गई हैं।

इसके अलावा बदमाश करीब ₹5 लाख रुपए नकद भी ले गए। पीड़ित को चोरी की जानकारी रात करीब 1 बजे तब हुई, जब वह बाथरूम जाने के लिए उठा और कमरे के बाहर लगी कुंडी देखी। परिजनों को फोन कर बुलाने के बाद कुंडी खुलवाई गई और चोरी का पता चला।

घटना के बाद आसपास के लोगों से अज्ञात बदमाशों के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने 112 पर सूचना देकर बिजोलिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एक ही रात में नकदी और लाखों के जेवरात चोरी होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने बदमाशों का पता लगाने और चोरी का माल बरामद करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!