Spread the love



आठ सदस्यों का आंकड़ा पार कर कांग्रेस ने बनाई बढ़त, लेकिन आरक्षित वर्ग का विजयी उम्मीदवार नहीं होने से बढ़ी मुश्किलें; भाजपा सात सीटों के साथ बहुमत से एक कदम दूर, पति-पत्नी की जीत भी बनी सियासी चर्चा

बिजौलिया। पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने बिजौलिया में प्रधान पद के चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है। चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने आठ सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा छू लिया है, जबकि भाजपा सात सीटों पर जीत दर्ज कर एक सीट पीछे रह गई। सामान्य परिस्थितियों में कांग्रेस का प्रधान बनाना आसान माना जा सकता था, लेकिन प्रधान पद एससी ओपन वर्ग के लिए आरक्षित होने से पूरा चुनावी गणित उलझ गया है। कांग्रेस के विजयी सदस्यों में इस आरक्षित वर्ग का कोई उम्मीदवार नहीं है, जबकि भाजपा के पास एससी वर्ग के दो विजयी सदस्य मौजूद हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बहुमत के बावजूद कांग्रेस प्रधान पद की दावेदारी कैसे पेश करेगी और बहुमत से पीछे भाजपा इस मौके को किस तरह अपने पक्ष में करने की कोशिश करेगी?

कांग्रेस के पास आठ सीटें, लेकिन उम्मीदवार का संकट

बिजौलिया पंचायत समिति के कुल पंद्रह वार्डों में कांग्रेस ने आठ और भाजपा ने सात सीटों पर जीत हासिल की है। प्रधान पद के लिए आठ सदस्यों का आंकड़ा महत्वपूर्ण है। कांग्रेस ने यह संख्या हासिल कर ली है, लेकिन एससी ओपन वर्ग के लिए आरक्षित प्रधान पद पर पार्टी के सामने अपने विजयी सदस्यों में उपयुक्त उम्मीदवार नहीं होने की चुनौती है। यही वजह है कि कांग्रेस के बहुमत के बावजूद प्रधान पद को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

भाजपा के दो एससी सदस्य बने चर्चा का केंद्र

दूसरी ओर भाजपा ने वार्ड नंबर छह से शिवराज सोयल और वार्ड नंबर सात से उनकी पत्नी संपत देवी खटीक को चुनाव मैदान में उतारा था। दोनों ने जीत दर्ज की है। दोनों एससी वर्ग से आते हैं और प्रधान पद की संभावित दावेदारी को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि भाजपा के पास सात सदस्य हैं, ऐसे में प्रधान बनाने के लिए उसे आठवें सदस्य के समर्थन की आवश्यकता होगी। वार्ड नंबर पांच से भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कुमार बंजारा ने भी जीत हासिल की है। भाजपा के लिए अब बहुमत का आंकड़ा जुटाना अहम चुनौती होगी।

जिला परिषद में भी दोनों दलों ने बांटी सीटें

जिला परिषद चुनाव में बिजौलिया क्षेत्र की वार्ड नंबर 44 सीट से कांग्रेस के पूर्व प्रधान कैलाश मीणा ने जीत दर्ज की है। उन्हें कांग्रेस की ओर से जिला प्रमुख पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं वार्ड नंबर 45 से भाजपा की राधा देवी मीणा विजयी रही हैं।

अब राजनीतिक समीकरणों पर टिकी निगाहें

बिजौलिया में प्रधान पद का चुनाव अब केवल सीटों की संख्या का मामला नहीं रह गया है। कांग्रेस के सामने आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार का संकट है तो भाजपा के सामने बहुमत जुटाने की चुनौती। ऐसे में दोनों दलों के बीच समर्थन और राजनीतिक समीकरणों को लेकर होने वाली मशक्कत महत्वपूर्ण रहेगी। क्या कांग्रेस अपने बहुमत के दम पर प्रधान पद का रास्ता निकाल पाएगी या भाजपा सात सदस्यों के बावजूद आठवें समर्थन का समीकरण बैठाकर बाजी पलटने की कोशिश करेगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। फिलहाल प्रधान पद को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

25 से 28 नवंबर तक होंगे चुनाव

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव आयोजित होगा। बिजौलिया पंचायत समिति वार्ड 7 +1

अब सभी की निगाहें 27 नवंबर पर टिकी हैं। बिजौलिया में प्रधान की कुर्सी किस दल के खाते में जाएगी, इसका फैसला राजनीतिक समीकरणों और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!