Spread the love

विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल की उपस्थिति में गौशाला, खेल स्टेडियम, टाउन हॉल, कम्युनिटी सेंटर, नमो वन सहित सड़क, नाली एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा

मांडलगढ़। मांडलगढ़ नगर पालिका बोर्ड की प्रथम साधारण सभा आज नगर पालिका सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने सहभागिता करते हुए शहर के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं आमजन की समस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

बैठक में नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता डांगी, उपाध्यक्ष अनीता सुराणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद अशोक जीनगर सहित पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में शहर के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें शहर में गौशाला एवं खेल स्टेडियम विकसित करने, विद्यालय के लिए भूमि आवंटित करवाने तथा RTO कार्यालय की स्थापना के लिए राज्य सरकार से मांग करने का प्रस्ताव प्रमुख रहा। इसके साथ ही शहर में टाउन हॉल एवं कम्युनिटी सेंटर के निर्माण तथा बेघर एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने की दिशा में भी पहल करने पर चर्चा हुई।

शहर की यातायात एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नेशनल हाईवे-758 से पंचायत समिति कार्यालय तक तथा अहिंसा सर्किल से किले पर स्थित आश्रम तक सड़क विस्तार एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने संबंधी प्रस्ताव भी रखा गया।

शहर की आंतरिक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नालियों की मरम्मत, नवीन नालों के निर्माण एवं सीसी रोड निर्माण के प्रस्ताव भी लिए गए। इन कार्यों से जल निकासी व्यवस्था में सुधार, आवागमन को सुगम बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया गया।

मांडलगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक मांडलगढ़ दुर्ग के परकोटे एवं सातों दरवाजों की मरम्मत, संरक्षण और सौंदर्यीकरण, महाराणा सांगा की प्रतिमा स्थापित करने तथा शहर में नमो वन विकसित करने के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से DPR तैयार करवाने का प्रस्ताव लिया गया, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।

इस अवसर पर विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शहर के विकास से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विधायक ने कहा कि मांडलगढ़ के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना होगा। शहर की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना हमारी प्राथमिकता है।

बैठक में पार्षद अशोक जीनगर, रक्षिता टेलर, जुली ओस्तवाल, जमना लाल माली, दशरथ सिंह, रामलाल मीणा, प्यार चंद रेगर, अभिलाषा गट्टानी, नीलकमल पटवा, भारती व्यास, मोहनी देवी ब्रह्मभट्ट, मंजू देवी व्यास, पवनेश ओस्तवाल, शीतल चांवरिया, रफीक टांक, जहरा फातिमा, पूजा आंचलिया, दुर्गेश नायक एवं अधिशाषी अधिकारी करणी सिंह सहित नगर पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए विकासोन्मुखी प्रस्तावों से मांडलगढ़ शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार होने तथा शहर को विकास की नई दिशा मिलने की उम्मीद है – नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता डांगी

By Kapil

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!