शाहपुरा में कांग्रेस की विशेष रणनीति, 21 को होगा शाहपुरा में एलडीएम शिविर

0
408


शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शाहपुरा सुरक्षित विधानसभा सीट से चुनाव के लिए विशेष रणनीति तैयार हो रही है। इसके तहत एलडीएम यानि लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन का शिविर 21 अगस्त को शाहपुरा में रखा गया है। इसमें चुनिंदा लोगों को ही बुलाया गया है। दो दिनी ऐसा शिविर गत दिनों हो चुका है। कांग्रेस के अजा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र बैरवा के निर्देशन में होने वाले इस शिविर का आयोजन शाहपुरा में डाक बंगला में रखा गया है।
विधानसभा स्तरीय इस शिविर को एक कार्यशाला का रूप दिया गया है। जिसमें भाग लेने वाले चिन्हित लोगों को विशेष दिशा निर्देश देकर सुरक्षित सीट को इस बार कैसे जीता जाए इसके बारे में पार्टी अध्यक्ष का संदेश देकर उनसे फीडबैक लिया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर के कांग्रेस चिंतन शिविर में ‘लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन’ की घोषणा की गयी थी। इस मिशन का मकसद एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक नेताओं को तराशना और निखारना है। जिससे वे अपने समुदायों में पार्टी के आधार को और विस्तार दें तथा इन समुदायों के बीच कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाएं। शाहपुरा में दो दिनी ऐसा शिविर पहले हो चुका है।