अब हवाई अड्डे पर मिलेगी 10 रुपये में चाय और 20 की कॉफी, ढाबे के रेट में मिलेगा खाना

0
929

डाॅ.चेतन ठठेरा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब हवाई अड्डों पर भी रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर यात्रियों को कम कीमत पर बढ़िया क्वालिटी की खाद्य वस्तुएं उपलब्ध कराने का निर्णय लेते हुए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरुआत कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हवाई अड्डों पर ‘जनता खाना’ की शुरुआत की है।यह कदम यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा, खासकर उन लोगों के लिए जो अक्सर अपनी यात्रा के दौरान बजट के अनुकूल और स्वच्छ भोजन के विकल्प खोजने के लिए संघर्ष करते हैं।नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने हवाईअड्डे पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ खोला है, ताकि यात्रियों को पॉकेट फ्रेंडली रेट पर अच्छी क्वालिटी वाला भोजन मिल सके। इससे न केवल पैसेंजर की यात्रा अनुभव में वृद्धि होगी बल्कि देश की आर्थिक वृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे हवाई अड्डों पर अत्यधिक कीमत वाले भोजन और पेय पदार्थों की समस्या का भी समाधान होगा।

उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत
एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे* पर उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत की है। इसे जल्द ही देश भर के अन्य हवाई अड्डों तक बढ़ाया जाएगा।

मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उड़ान यात्री कैफे’ योजना रेलवे स्टेशनों की तरह किफायती दामों पर पानी की बोतलें, चाय, कॉफी और स्नैक्स जैसी आवश्यक वस्तुएं प्रदान करेगी। यात्रा कैफे ओपन होने के साथ ही कोई भी व्यक्ति एयरपोर्ट पर आसानी से 10 रुपये में पानी की बोतल खरीद सकता है, 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में कॉफी का आनंद ले सकता है. इसके अलावा समोसा की कीमत 20 रुपये होगी, जबकि स्वीट ऑफ द डे की कीमत भी 20 रुपये होगी।