बिजौलिया। थाना क्षेत्र में फैक्ट्री में चोरी की वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे-27 पर अशोक लीलेंड के सामने मारुति शोरूम के पास स्थित फैक्ट्री में बीती रात एक अज्ञात व्यक्ति ने प्रवेश किया और मशीनों में लगे विद्युत केबल काटकर चोरी कर लिए। चोरी की इस वारदात से फैक्ट्री संचालक को करीब 70 से 80 हजार रुपए का नुकसान होने की बात कही गई है।
वारदात का पता फैक्ट्री संचालक को सुबह चला। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई तो चोरी की पूरी घटना सामने आ गई। फुटेज में एक व्यक्ति फैक्ट्री परिसर में मशीन के पास पहुंचकर केबल वायर काटता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह कटे हुए तार लेकर वहां से निकलता नजर आता है।
फैक्ट्री संचालक योगेश धाकड़ ने इस संबंध में बिजौलिया थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार चोर ने मशीन के तार काटने के साथ ही मशीन को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे चोरी के सामान के अलावा मशीनरी को भी क्षति हुई।
फैक्ट्री संचालक ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने तथा चोरी हुए केबल वायर बरामद कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
