(बिजोलिया। नरेश धाकड़)स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले समस्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा को विधायक गोपाल खंडेलवाल ने उपखंड कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा उपखंड कार्यालय से शुरू होकर रोडवेज बस स्टैंड, तेजाजी चौक, सब्जी मंडी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगरपालिका परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की मौजूदगी से पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया।

यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा, हितेंद्र सिंह राजौरा, मनोज गोदा, ओम मेड़तिया, मुकेश धनोपिया सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।

विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना इस यात्रा का उद्देश्य है।
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से नगर गूंज उठा। स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।
बिजोलिया में निकली तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
