बिजौलिया। नरेश धाकड़।
उपखंड क्षेत्र के चांदजी खेड़ी गांव में रात करीब 11:30 बजे पैंथर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीण राधेश्याम धाकड़ ने रात के समय गांव के आसपास पैंथर को देखा और इसकी जानकारी दीपक को दी। पैंथर दिखाई देने की सूचना के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार, इससे पूर्व भी पैंथर को गांव के आसपास खेतों में देखा जा चुका है। लगातार पैंथर की गतिविधियां सामने आने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। खासकर रात के समय ग्रामीण अपने बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पैंथर को पकड़ने के लिए गांव के आसपास उचित स्थान पर पिंजरा लगाया जाए और वन विभाग की टीम द्वारा लगातार निगरानी की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि पैंथर के लगातार गांव के नजदीक आने से कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है, इसलिए समय रहते पैंथर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा ग्रामीणों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
