Spread the love



बिजौलिया। कपिल श्याम विजय। बिजौलिया नगर पालिका के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की स्नेहा तिवाड़ी ने जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी स्नेहा तिवाड़ी को 13 मत, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी भूमिका सुवालका को 12 मत मिले। इस तरह स्नेहा तिवाड़ी ने एक मत के अंतर से जीत हासिल कर बिजौलिया नगर पालिका की पहली अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।



अध्यक्ष पद के लिए कुल 25 पार्षदों ने मतदान किया। मतदान से पहले भाजपा के 11 पार्षद मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल के नेतृत्व में बाड़ाबंदी से बस के जरिए सीधे उपखंड कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ निर्दलीय पार्षद राधेश्याम रेगर भी बाड़ाबंदी से सीधे मतदान स्थल पहुंचे और मतदान किया।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी भूमिका सुवालका ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस के बागी होकर निर्दलीय चुनाव जीते पार्षद कुंवर सौभाग्य सिंह अकेले मतदान स्थल पहुंचे और मतदान किया।

क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच रहा रोमांच

25 सदस्यीय बोर्ड में चुनाव से पहले भाजपा के 12, कांग्रेस के 11 और दो निर्दलीय पार्षद थे। बहुमत का आंकड़ा 13 होने के कारण दोनों दलों की नजर निर्दलीय पार्षदों के रुख पर थी। क्रॉस वोटिंग की संभावना को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पूरी तरह सतर्क रहे।

मतगणना के बाद भाजपा के खाते में 13 और कांग्रेस के खाते में 12 मत आने से तस्वीर साफ हो गई। एक मत के अंतर से स्नेहा तिवाड़ी ने जीत दर्ज की।

अब बिजौलिया नगर पालिका के पहले बोर्ड में अगली राजनीतिक प्रक्रिया 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के चुनाव के साथ होगी।

By Kapil

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!