साइड भराई के नाम पर खानापूर्ति, अब बिजली के पोल लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे बने जानलेवा; रात में राहगीरों की बढ़ी चिंता
बिजोलिया। (नरेश धाकड़)
मालीपुरा चौराहा से केसरगंज जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य पिछले करीब दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में सड़क के किनारों पर साइड भराई के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। इसके बाद अब सड़क किनारे विद्युत पोल लगाने का कार्य शुरू किया गया है। पोल लगाने के लिए जगह-जगह गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं, लेकिन इन गड्ढों के आसपास न तो कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं।
रात के समय अंधेरे में इन खुले गड्ढों के कारण राहगीरों, बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के गिरकर चोटिल होने का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरतलब है कि इस सड़क की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही लापरवाही को लेकर पूर्व में भी समाचार प्रकाशित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी ने स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं किया। अब भी कार्य की गति धीमी है और सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, खुले गड्ढों के आसपास तत्काल बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं तथा निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

