Spread the love

बिजोलिया। विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन एवं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था द्वारा जरूरतमंद एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए सराहनीय पहल की गई है। संस्था ने पांच विद्यार्थियों की कोचिंग, ऑनलाइन कोचिंग, पाठ्य-पुस्तकों सहित आवश्यक शैक्षणिक खर्च वहन करने का निर्णय लिया है।

इस अवसर पर मीनाक्षी चित्तौड़ा, नेहा स्वर्णकार, आशिया मंसूरी, गुंजन धाकड़ एवं सोनाक्षी माथुर के प्रस्ताव लिए गए तथा उनके सहमति पत्र प्राप्त किए गए। संस्था की ओर से पांचों विद्यार्थियों को प्रारंभिक शैक्षणिक शुल्क के रूप में प्रत्येक को ₹15,000 की सहायता प्रदान की गई। संस्था द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के अनुसार आगे भी सहयोग जारी रखा जाएगा तथा उच्च शिक्षा के दौरान आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर अध्यक्ष पूजा जोशी ने की। पूजा जोशी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी के साथ कार्य करते हुए फंड उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि पैसों के अभाव में कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने का आह्वान किया।

संस्था के हरिशंकर धाकड़ ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। संस्था का प्रयास रहेगा कि धन के अभाव में किसी भी प्रतिभावान विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो। विद्यार्थियों की कोचिंग, ऑनलाइन कोचिंग एवं पाठ्य-पुस्तकों का खर्च वहन करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के दौरान भी आवश्यकता अनुसार सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में राजेश शर्मा, सुनीता कोली, एडवोकेट सुनील कुमार जोशी एवं प्राचार्य दिलीप सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। इस दौरान पांचों विद्यार्थियों के परिजन भी मौजूद रहे।

संस्था की इस पहल की विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

By Kapil

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!