उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार, रिक्त पदों पर नियुक्ति और समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने की उठाई मांग
बिजौलिया। (नरेश धाकड़)
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई बिजौलिया द्वारा शुक्रवार को राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री के नाम प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय बिजौलिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में परिषद ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं उत्तरदायी उच्च शिक्षा व्यवस्था ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। वर्तमान में प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था कई प्रशासनिक एवं संरचनात्मक चुनौतियों का सामना कर रही है, जिससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।
परिषद ने मांग की कि राजस्थान में छात्र नेतृत्व को विकसित करने के उद्देश्य से छात्रसंघ चुनाव शीघ्र पुनः बहाल किए जाएं। साथ ही राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के लिए समान अकादमिक कैलेंडर लागू किया जाए, महाविद्यालयों में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां की जाएं तथा सभी राजकीय महाविद्यालयों में नियमित प्राचार्यों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित कर विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति करने की भी मांग रखी गई।
परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थी-केंद्रित बनेगी। उन्होंने सरकार से छात्र हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर नगर मंत्री दीपक धाकड़, पूर्व नगर मंत्री दीपांशु चित्तौड़ा, जिला कार्यकारिणी सदस्य हिमांशु लक्षकार, इकाई अध्यक्ष धनंजय गुरुजी, उदयपुर वाणिज्य कॉलेज इकाई अध्यक्ष आशीष सोमानी, नगर सह मंत्री पंकज रेगर, नगर एसएफडी संयोजक कृष्ण गोपाल रेगर, राहुल बंजारा, रामप्रसाद बंजारा, माधव पाराशर, रवि ऐरवाल, नंदनी सेन, लक्ष्मी धाकड़ सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
