बिजोलिया । खेल मैदान पर सदारामजी का खेड़ा की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में 17 वर्ष छात्रा वर्ग में चौथा स्थान हासिल किया। टीम ने प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में बेहतर तालमेल, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय देते हुए जिले में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की दो खिलाड़ियों भारती धाकड़ पुत्री सत्यनारायण धाकड़ एवं अनीशा धाकड़ पुत्री मुकेश धाकड़ का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। दोनों खिलाड़ियों के चयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने दोनों खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम की उपलब्धि पर खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य मुकेश चन्द मीणा और प्रशासक कैलाश चन्द्र धाकड़ ने बालिकाओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी लगन के साथ अभ्यास जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
शारीरिक शिक्षक रघुवीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने जिला स्तर पर प्रदर्शन करने वाली पूरी टीम को बधाई देते हुए राज्य स्तर के लिए चयनित दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान व्याख्याता प्रहलाद कुमार स्वर्णकार, डॉ. नन्द किशोर महावर, वरिष्ठ अध्यापक प्रभु लाल मीणा, हरिशंकर यादव, अध्यापक सुभाष चन्द्र हरिजन, प्रदीप कुमार गौतम, बबीता मेहर, गोपाल लाल धाकड़, घनश्याम धाकड़, अंतिमा धाकड़, शांतिलाल, संजू धाकड़, सुशीला धाकड़, हरि ओम धाकड़ सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
