विद्यालयों व महाविद्यालयों में पहुंचकर संगठन की विचारधारा से कराया परिचय, कार्यकर्ताओं ने चलाया जनसंपर्क अभियान
बिजौलिया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बिजौलिया इकाई ने सदस्यता अभियान के तहत कस्बे के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में 1500 विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का दावा किया है। अभियान के समापन पर परिषद पदाधिकारियों ने इसे विद्यार्थियों का सकारात्मक सहयोग बताते हुए आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और विस्तार देने की बात कही।
अभियान के भाग संयोजक विष्णु ने बताया कि सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्हें परिषद के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सदस्यता ग्रहण की।
नगर अध्यक्ष पूजा जोशी ने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं नगर मंत्री दीपक धाकड़ ने बताया कि सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर जनसंपर्क करते हुए विद्यार्थियों को परिषद की गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया।
अभियान को सफल बनाने में हिमांशु लक्षकार, दीपांशु चित्तौड़ा, नगर सह मंत्री पंकज रेगर, एसएफएस संयोजक विष्णु कुमारी धाकड़, एसएफडी संयोजक कृष्ण गोपाल रेगर, राजकुमार मीणा (खटवाड़ा), रवीना धाकड़, खुशबू बंजारा और यशवंत छीपा सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान पूर्ण होने पर इकाई ने सभी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
