देवडूंगरी में मां बंक्या रानी मंदिर निर्माण पर बनी सहमति, विधायक ने किया निरीक्षण

Spread the love

#bhilwara

Spread the love

विधायक बोले- दोनों पक्षों में कोई विवाद नहीं था, कुछ समाज कंटकों ने पैदा किया भ्रम

बिजौलिया। देवडूंगरी में मां बंक्या रानी मंदिर निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच शनिवार शाम को मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने देवडूंगरी पहुंचकर सर्वसमाज संघर्ष समिति, ग्रामीणों एवं दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। चर्चा के बाद मंदिर निर्माण को लेकर सहमति बनी। विधायक ने कहा कि मंदिर निर्माण का स्थान लगभग तय कर लिया गया है, हालांकि अंतिम निर्णय सभी हिंदू समाज के लोगों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने कहा कि उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की, लेकिन किसी प्रकार का वास्तविक विवाद सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि कुछ समाज कंटकों ने मामले को विवाद का रूप देने का प्रयास किया था। अब समस्या का समाधान हो चुका है, सभी पक्ष संतुष्ट हैं और एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण कहां होगा और कब शुरू होगा, इसका अंतिम निर्णय सभी हिंदू समाज के लोग मिलकर करेंगे। हालांकि प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण कर लिया गया है।

इस दौरान सर्वसमाज संघर्ष समिति की बैठक भी आयोजित हुई। बैठक के बाद समिति के सदस्यों और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने विधायक के साथ प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। समिति की ओर से बताया गया कि विस्तृत चर्चा के बाद मां बंक्या रानी मंदिर निर्माण के लिए स्थान चिन्हित किया गया, जिसका उपस्थित समाजजनों ने स्वागत करते हुए जयकारे लगाए।

सर्वसमाज संघर्ष समिति ने इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी आस्था और जनभावना से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया। समिति ने विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल, सभी समाजों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंदिर निर्माण का कार्य शुरू होगा। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!